सड़क अर्जुनी. परसोडी सडक स्थित आदिवासी सहकारी सोसाइटी की ओर से किसानों को फसल कर्ज देने में टालमटोल किया जा जा रहा है. किसानों को समय पर फसल कर्ज नहीं मिलने से उन्हें कृषि कार्यों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
संतप्त किसानों ने समय पर फसल कर्ज न देने वाली इस संस्था के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है. इसके साथ यदि आने वाले चार दिनों में उनके प्रकरणों का निपटारा कर फसल कर्ज नहीं दिया गया तो तीव्र आंदोलन की चेतावनी दी गई है. इस संबंध में स्थानीय किसानों ने बताया कि पिछले तीन माह से फसल कर्ज लेने के लिए प्रस्ताव तैयार कर आदिवासी विविध कार्यकारी सेवा सहकारी संस्था परसोडी सड़क को दिए थे लेकिन तीन माह की अवधि होने के बवाजूद संस्था द्वारा एक भी किसानों को फसल कर्ज नहीं दिया गया है.
वर्तमान में तहसील के किसानों ने धान की बुधाई का काम शुरू कर दिया है. किसानों द्वारा प्रतिवर्ष फसल कर्ज लेकर बुआई के लिए धान, खाद, कीटनाशक आदि की खरीदी के साथ ही खेतिहार मजदूरों को मजदूरी का भुगतान भी किया जाता है.
उक्त संस्था से फसल कर्ज लेने वाले 130 किसान पात्र होकर वे फसल कर्ज के लिए बार बार सोसाइटी के चक्कर लगा रहे है लेकिन कर्मचारियों द्वारा उन्हें लौटा दिया जा रहा है. इससे त्रस्त किसानों ने 4 दिनों में उनके प्रकरणों का निपटारा कर फसल कर्ज नहीं दिए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है.